फ्लिपकार्ट से आईफोन खरीदना एक यूज़र के लिए पड़ा भारी, दरअसल मुंबई के एक सॉफ्टवेयर इंजीनियर ने फ्लिपकार्ट से आईफोन 8 खरीदा लेकिन इस ऑर्डर के बदले में उन्हें डिटर्जेंट साबुन हाथ लगा। सॉफ्टवेयर इंजीनियर तबरेज़ महबूब नगराली ने वेबसाइट से आईफोन 8 ऑर्डर किया था, जिसके डिब्बे में कपड़े धुलने वाले साबुन की टिकिया निकली। तबरेज़ ने वेबसाइट के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज करवाया है। जानकारी के मुताबिक, मुंबई के पनवेल इलाके में रहने वाले तबरेज़ ने 64 जीबी वेरिएंट वाला आईफोन 8 ऑर्डर किया था, जिसके लिए उन्होंने 55,000 रुपये की कीमत अदा की थी। शहर के बाईकुला पुलिस स्टेशन के वरिष्ठ पुलिस अधिकारी अविनाश शिंगटे ने समाचार एजेंसी पीटीआई को बताया, ''गुरुवार को तबरेज़ यह शिकायत लेकर आए और फ्लिपकार्ट के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज़ करवाया।'' वहीं एक वेबसाइट को दिए बयान में फ्लिपकार्ट ने कहा, ''कंपनी ग्राहकों के भरोसे के साथ खिलवाड़ करने वाली ऐसी घटनाओं को लेकर सख्त रवैया अपनाती रही है। हम मामले की जांच कर रहे हैं और जल्द से जल्द इसका समाधान निकालेंगे।''
आपको बता दें कि ऐसा पहली बार नहीं है, जब किसी ग्राहक को असल उत्पाद के बदले कुछ और हाथ लगा हो।

No comments:
Post a Comment